उत्तराखंड के आपदा प्रभावित धराली और हर्षिल में जिंदगी की तलाश जारी है। पिछले दो दिनों में बचाव दल ने 650 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया है, जबकि करीब 300 लोगों के अभी भी फंसे होने की आशंका है। इन्हें सुरक्षित निकालने के लिए सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें युद्धस्तर पर काम कर रही हैं। खोज और बचाव कार्यों के लिए डॉग स्क्वॉड, ड्रोन और भूमिगत रडार का इस्तेमाल किया जा रहा है। हर्षिल घाटी में मोबाइल संचार व्यवस्था बहाल कर दी गई है, जिससे राहत कार्यों में तेजी आई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, जो पिछले तीन दिनों से उत्तरकाशी में डटे हैं, उन्होंने बताया कि गुरुवार को 400 और शुक्रवार को 250 लोगों को निकाला गया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शेष फंसे लोगों को भी जल्द सुरक्षित बाहर निकाला जाएगा। धराली, हर्षिल और उत्तरकाशी के बीच कई जगह सड़कों के टूटने से बचाव कार्य में दिक्कत हो रही है। हालांकि मोबाइल और इंटरनेट सेवा बहाल होने से स्थिति में सुधार की उम्मीद है। प्रभावित इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए जनरेटर की व्यवस्था की जा रही है।
