उत्तरकाशी जिले के धराली गांव और हर्षिल घाटी में मंगलवार को आई भीषण प्राकृतिक आपदा के बाद बुधवार सुबह से राहत और बचाव कार्य दोबारा शुरू कर दिए गए हैं। प्रशासन, पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी और सेना के जवान राहत कार्यों में जुटे हुए हैं। स्थिति पर आपदा कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जा रही है। जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर खीरगंगा क्षेत्र में अचानक बादल फटने की घटना हुई, जिससे खीरगंगा नदी में भारी सैलाब आ गया। तेज बहाव और मलबे के कारण धराली गांव का मुख्य बाजार पूरी तरह तबाह हो गया। इस आपदा में स्थानीय लोगों की आस्था का केंद्र कल्प केदार मंदिर भी पूरी तरह मलबे में समा गया है। प्रशासन ने अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि की है, जबकि करीब 70 लोग लापता बताए जा रहे हैं। रेस्क्यू टीमें लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं। मलबे में कई घर, दुकानें और वाहन दबे होने की आशंका है।
