उत्तरकाशी में आई भीषण आपदा के बीच राहत की एक बड़ी खबर सामने आई है। आपदा प्रबंधन विभाग ने रेस्क्यू किए गए पर्यटकों की आधिकारिक संख्या जारी कर दी है। विभाग के सचिव ने बताया कि अब तक कुल 274 टूरिस्टों को गंगोत्री और आसपास के खतरनाक क्षेत्रों से रेस्क्यू कर हर्षिल पहुंचाया गया है, जहां उनके रुकने, खाने, रहने और मेडिकल की पूरी व्यवस्था की गई है।
रेस्क्यू किए गए लोगों का विवरण-
इन 274 लोगों में विभिन्न राज्यों के टूरिस्ट शामिल हैं, गुजरात के 131, महाराष्ट्र के 123, मध्य प्रदेश के 21, उत्तर प्रदेश के 12, दिल्ली के 7, राजस्थान के 6, असम के 5, तेलंगाना के 3, पंजाब के 1 औ रकर्नाटक के 5 टूरिस्ट शामिल है। इसके अतिरिक्त, 135 लोगों को हर्षिल से भी निकालकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है, जिसमें से 100 को उत्तरकाशी और 35 को देहरादून भेजा गया है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी-
उत्तरकाशी के धराली और आसपास के क्षेत्रों में रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और सेना समेत कई एजेंसियां राहत एवं बचाव कार्य में लगी हुई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार देर रात अधिकारियों के साथ बैठक कर रेस्क्यू अभियान की समीक्षा की। धराली क्षेत्र में भारतीय सेना अगले 24 से 48 घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाने की योजना पर काम कर रही है।
बचाव संसाधन और टीमें तैनात-
-जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर चिनूक और एमआई-17 हेलीकॉप्टर तैयार।
-225 से अधिक सैनिक, इंजीनियर, डॉक्टर और बचाव विशेषज्ञ मैदान में तैनात।
-टेकला में एक रीको रडार टीम सक्रिय, दूसरी टीम भी जल्द शामिल होगी।
