यमुनोत्री घाटी में लगातार हो रही वर्षा ने स्थानीय जनजीवन को संकट में डाल दिया है। यमुनोत्री हाईवे पर मलबा, पत्थर गिरने और भू-धंसाव के कारण बीते 12 दिनों से यातायात पूरी तरह से बाधित है। स्थिति इतनी विकट है कि कई जगहों पर पैदल आना-जाना भी दुश्वार हो गया है। क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से बिजली और मोबाइल नेटवर्क ठप होने से आपदा प्रभावित लोग और मुश्किल में हैं। वहीं स्याना चट्टी क्षेत्र में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से मोटर पुल पर पानी बहने लगा, हालांकि नदी का बहाव अभी सामान्य बना हुआ है। यमुनोत्री हाईवे के खराड़ी कस्बे में आवासीय भवनों और होटलों में दरारें उभरने से स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
