उत्तराखंड का मौसम इन दिनों लोगों को चौंकाता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने बुधवार (20 अगस्त) के लिए ताजा पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि राज्य के अधिकतर पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। वहीं, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में आज मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश के साथ-साथ बिजली गिरने और थंडरस्टॉर्म का भी खतरा बना रहेगा। इसके अलावा अन्य पहाड़ी इलाकों में भी बारिश के साथ मौसम का तेवर बदला हुआ रहेगा। वहीं मैदानी हिस्सों में बादलों की गड़गड़ाहट और बिजली चमकने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। कुल मिलाकर पहाड़ों से लेकर मैदानों तक आज का दिन मौसम के तेवर दिखाएगा।
