उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने को तैयार है। मंगलवार (19 अगस्त) को प्रदेशभर में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं, वहीं कई इलाकों में अचानक तेज बौछारें भी लोगों को भिगो सकती हैं। मौसम विभाग ने सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और दिनभर रुक-रुककर बारिश, गरज-चमक तथा आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है। पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून और नैनीताल जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में पहाड़ी मार्गों पर भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। हिल स्टेशनों और धार्मिक स्थलों की ओर यात्रा करने वालों को सावधानी बरतने और नदी-नालों के किनारे अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने चेताया है कि कई जगहों पर तेज गर्जन के साथ बिजली गिरने और अति तीव्र वर्षा के छोटे-छोटे स्पैल्स देखने को मिल सकते हैं। ये बौछारें भले ही थोड़े समय के लिए होंगी, लेकिन उनकी तीव्रता अधिक हो सकती है, जिससे कुछ इलाकों में जलभराव और यातायात बाधित होने की स्थिति भी बन सकती है। लिहाजा, लोग सफर पर निकलते समय छाता या रेनकोट साथ रखें और मौसम की ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें।
