उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। प्रदेश की नदियां उफान पर हैं और खतरे के निशान के करीब बह रही हैं, जिससे कई क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने आज देहरादून, नैनीताल, चंपावत, उधम सिंह नगर, बागेश्वर और टिहरी जिलों के कुछ हिस्सों में भारी से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी है। अलर्ट के मद्देनजर देहरादून, पौड़ी, टिहरी और हरिद्वार जिलों में स्कूलों में आज अवकाश घोषित किया गया है। बारिश के चलते राज्य में चार नेशनल हाईवे सहित कुल 117 मार्ग बंद हो चुके हैं। इनमें पांच राज्य मार्ग और 79 ग्रामीण सड़कें शामिल हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में मलबा और भूस्खलन के चलते आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। बागेश्वर जिले के कब कोर्ट और दुगनापुरी क्षेत्रों में रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण 10 अतिरिक्त सड़कें बंद हो गई हैं। ग्रामीण इलाकों में भूस्खलन का खतरा लगातार बढ़ रहा है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग और जिला प्रशासन की टीमें सतर्क हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं। आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम की यही स्थिति बनी रहने की संभावना जताई गई है।
