उत्तराखंड में मॉनसून का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट घोषित किया है। पहाड़ों से लेकर मैदानों तक तेज बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। कहीं मूसलाधार बारिश हो रही है तो कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली का खतरा मंडरा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में भारी से अति भारी बारिश की आशंका है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि बारिश से राहत के साथ-साथ मुश्किलें भी बढ़ सकती हैं। भूस्खलन, नदियों-नालों में उफान और सड़कों पर मलबा आने की संभावना है। वहीं उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, टिहरी, अल्मोड़ा और ऊधम सिंह नगर में येलो अलर्ट प्रभावी है। यहां मध्यम से भारी बारिश के आसार जताए गए हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मार्ग अवरुद्ध होने का खतरा देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। मैदानी हिस्सों में उमस भरी गर्मी के बीच बीच-बीच में हो रही बारिश से लोगों को राहत भी मिल रही है, लेकिन मौसम का यह बदला मिजाज परेशानी भी खड़ी कर सकता है।
