उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में तेज बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में आज भी भारी बारिश की संभावना है। बागेश्वर जिले के कुछ हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेशभर में 24 जुलाई तक तेज बारिश की आशंका जताई है। इसको देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। 20 जुलाई को नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर जिलों में भारी बारिश की चेतावनी के तहत रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि टिहरी, देहरादून, पौड़ी और बागेश्वर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। 21 जुलाई को देहरादून, टिहरी और हरिद्वार में अत्यंत भारी बारिश के कारण रेड अलर्ट है। वहीं, नैनीताल, चंपावत, ऊधम सिंह नगर, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 22 जुलाई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर में बहुत भारी बारिश की चेतावनी है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और सतर्कता बरतें। विशेषकर संवेदनशील इलाकों में आवागमन नियंत्रित रखने की सलाह दी गई है।
