उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर रुख बदल लिया है। राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर मैदानी जनपदों तक बादलों का डेरा छाया हुआ है और अधिकतर जगहों पर बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आज (बुधवार) भी कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर और देहरादून जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इन क्षेत्रों में गरज और बिजली की चमक के साथ भारी वर्षा हो सकती है। इसके अलावा, अन्य जिलों में भी तेज गर्जना और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर तेज बारिश होती रहेगी। चार अगस्त तक राज्यभर में तेज बारिश के दौर की संभावना व्यक्त की गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़क बंद होने जैसी समस्याओं को देखते हुए अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
