उत्तराखंड में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में झमाझम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। खासकर पर्वतीय जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। टिहरी, हरिद्वार, अल्मोड़ा और ऊधमसिंह नगर के कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश होने की चेतावनी दी गई है। वहीं, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विज्ञान केंद्र का पूर्वानुमान है कि यह बारिश का सिलसिला 21 जुलाई तक प्रदेशभर में जारी रह सकता है। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
