उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर मुसीबत लेकर आया है। राज्य के अधिकांश जिलों में रुक-रुक कर हो रही लगातार बारिश अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बन चुकी है। इसी बीच मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, देहरादून, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत और नैनीताल जिलों के कई हिस्सों में गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं देहरादून, चमोली, चंपावत, उधम सिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। विभाग का कहना है कि इन क्षेत्रों में वर्षा का दौर तीव्र से अति तीव्र हो सकता है, जबकि शेष जिलों में भी गर्जन और बिजली कड़कने के साथ तेज बारिश की संभावना बनी हुई है।
