उत्तराखंड में मॉनसून लगातार सक्रिय है और राज्यभर में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और पहाड़ से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक बारिश के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, इस साल मॉनसून ने 19 जून को समय से पहले ही उत्तराखंड में दस्तक दे दी थी और तब से यह लगातार सक्रिय बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण प्रदेश में वर्षा की तीव्रता और बढ़ गई है। देहरादून, नैनीताल से लेकर अल्मोड़ा तक बारिश की संभावना जताई गई है। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाये हुए हैं। आज देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जिसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, चंपावत और पौड़ी में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है और इन जिलों के लिए येलो अलर्ट लागू किया गया है। इसके साथ ही कई इलाकों में 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गर्जन और बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और यात्रा में सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि 16 अगस्त के बाद भी मॉनसून की सक्रियता बनी रहेगी। 17 अगस्त को बारिश की तीव्रता कुछ कम हो सकती है, लेकिन पूरी तरह राहत की संभावना नहीं है। अगले कुछ दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का क्रम जारी रहेगा।
