उत्तराखंड राज्य के पर्वतीय इलाकों में फिर से मौसम अपनी चाल बदलने वाला है। मौसम विभाग की ओर से पहाड़ी इलाकों में अगले तीन दिन तक बारिश होने की संभावना बनी हुई है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में झोंकेदार हवाएं चलेंगी, जबकि पर्वतीय इलाकों में हवाओं के साथ बारिश भी हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार गुरुवार की सुबह मुक्तेश्वर सबसे ठंडी जगह रही। यहां का न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। जबकि पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन तक पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में मध्यम स्तर तक बारिश होने की संभावना है। जबकि चंपावत, नैनीताल, अल्मोड़ा जिलों में अगले दो दिन तक बारिश की संभावना बनी हुई है। इससे पहाड़ों में बारिश से मौसम में ठंडक बनी रहेगी। वहीं दूसरी ओर हल्द्वानी सहित मैदानी क्षेत्रों में बादल छाए होने के बावजूद गर्मी और उमस बढ़ेगी।
