मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार को उत्तराखंड के सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही देहरादून, पौड़ी, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत जिलों के लिए विशेष चेतावनी दी गई है। विभाग के अनुसार, इन जिलों के कई इलाकों में आज जोरदार बारिश होने की संभावना है, जिससे पहाड़ी सड़कों, नदी-नालों और ढलानों के आसपास अधिक सतर्कता बरतने की जरूरत है। अन्य जिलों में भी दिनभर बादलों की तेज गर्जना, आकाशीय बिजली और अति तीव्र दौर की बारिश देखी जा सकती है। कम समय में ज्यादा पानी बरसने से शहरी जलभराव, पहाड़ी रास्तों पर फिसलन और अचानक बहाव (फ्लैश फ्लड) का खतरा बढ़ सकता है। विभाग ने लोगों को खुले क्षेत्रों, ऊंची जगहों और अकेले पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है। लगातार बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। कई स्थानों पर बड़े बोल्डर और पत्थर सड़कों पर गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। यह स्थिति खासकर कमजोर पहाड़ी हिस्सों और अधिक कटाव वाले मार्गों पर खतरनाक है। वाहन चालकों को अनावश्यक यात्रा से बचने, रात में पहाड़ी सड़कों पर ड्राइविंग न करने और पुलिस एडवाइजरी का पालन करने की हिदायत दी गई है।हाल के दिनों में कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। आज भी तेज बौछारों की स्थिति में जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। विभाग ने अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी और उत्तरकाशी समेत बाढ़ संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों को नदी-नालों के किनारे जाने से सख्त मना किया गया है और किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन या स्थानीय प्रशासन से तुरंत संपर्क करने की सलाह दी गई है।
