उत्तराखंड में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। प्रदेश के कई हिस्सों में भूस्खलन, सड़कें बंद और नदियों में जलस्तर बढ़ने की खबरें सामने आ रही हैं। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे में भी राहत की उम्मीद नहीं जताई है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक रोहित थपलियाल ने बताया कि 6 अगस्त को राज्य के पर्वतीय जिलों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे स्थिति और बिगड़ सकती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि जरूरी न हो तो पहाड़ी इलाकों की यात्रा से बचें, और नदी-नालों के पास रहने वाले लोग सतर्क रहें। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ इलाकों में भारी से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि देहरादून, नैनीताल, चम्पावत और पौड़ी जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया। इसके अलावा अन्य जिलों में भी तेज दौर की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 11 अगस्त तक प्रदेशभर में लगातार तेज बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें अलर्ट मोड में हैं।
