उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बिगड़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्य के सभी जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने अगले 18 घंटों में कई दौर की मूसलधार बारिश की आशंका जताई है।राज्य के पहाड़ से लेकर मैदान तक पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है। मंगलवार को उत्तरकाशी में आई आपदा के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है। बीते 24 घंटे में कई जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विज्ञानी रोहित थपलियाल ने बताया कि अगले कुछ घंटों में बिजली गरजने के साथ भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जिससे भूस्खलन और जलभराव की स्थिति और गंभीर हो सकती है। इधर, खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने केदारनाथ और मद्महेश्वर की यात्रा को अगले दो दिनों के लिए स्थगित कर दिया है। बुधवार को भी यात्रा रोक दी गई थी। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रा पर रोक लगाई गई है। सोनप्रयाग से केदारनाथ के बीच सभी पड़ावों पर तैनात सेक्टर अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। केदारनाथ में मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों को अगले दो दिन तक पैदल मार्ग पर न जाने की सलाह दी गई है।
