उत्तराखंड में शनिवार को मौसम का मिज़ाज बिगड़ सकता है। मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, नैनीताल और बागेश्वर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में बिजली गिरने और कई दौर की तेज बरसात की संभावना जताई गई है। अन्य जिलों के लिए विभाग ने येलो अलर्ट घोषित किया है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार जलवायु परिवर्तन और मौसम के असामान्य पैटर्न के चलते मानसून की बारिश सामान्य से अधिक दर्ज की जा रही है। 18 सितंबर तक प्रदेशभर में तेज वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है। इधर, टिहरी प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है।
