मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) ने सोमवार, 18 अगस्त को भी उत्तराखंड में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार खासकर पौड़ी, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में आज भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। वहीं, राज्य के अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने इसके लिए पूरे राज्य में येलो अलर्ट जारी किया है। इसका मतलब है कि अचानक कहीं भी तेज बारिश की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने खासतौर पर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को सतर्क रहने और यात्रा से पहले मौसम की ताज़ा जानकारी लेने की अपील की है। लगातार हो रही बारिश से पहाड़ी सड़कों पर भूस्खलन और यातायात बाधित होने का खतरा भी बढ़ गया है।
