उत्तराखंड में मानसून सक्रिय बना हुआ है और पर्वतीय से लेकर मैदानी इलाकों तक रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। देहरादून समेत कई क्षेत्रों में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही, वहीं दोपहर में तेज बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया। मौसम विज्ञान केंद्र ने कुमाऊं मंडल के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विशेष रूप से नैनीताल और बागेश्वर जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। अन्य पर्वतीय जिलों में बिजली चमकने और तेज वर्षा की संभावना जताई गई है। देहरादून में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बारिश की उम्मीद है। इस बीच प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के प्रथम चरण का मतदान आज हो रहा है। खराब मौसम मतदान में भागीदारी को प्रभावित कर सकता है, जिससे मतदाताओं की परीक्षा भी तय मानी जा रही है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में मौसम के सामान्य रहने की भी संभावना है, जिससे मतदान प्रक्रिया में राहत मिल सकती है।
