उत्तराखंड में मौसम का मिज़ाज बदल रहा है। पिछले कुछ दिनों से आसमान साफ रहने के कारण मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ने लगी है और तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब तीन डिग्री ज्यादा था। सुबह से धूप खिलने के बाद दिन में गर्मी का खासा असर महसूस किया गया। हालांकि, बीच-बीच में बारिश का दौर राहत भी दे रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश हो सकती है। देहरादून, पौड़ी, बागेश्वर और नैनीताल जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों में भी बारिश के आसार जताए गए हैं। 13 सितंबर तक राज्यभर में हल्की से तेज बारिश जारी रहने की संभावना है। भारी बारिश का असर सड़क यातायात पर भी पड़ा है। प्रदेश में 233 सड़कें मलबा आने के कारण बंद पड़ी हैं। लोक निर्माण विभाग की टीमें इन्हें खोलने के प्रयास कर रही हैं। इनमें दो राष्ट्रीय राजमार्ग, 11 राज्य मार्ग, सात मुख्य जिला मार्ग, दो अन्य जिला मार्ग और 77 ग्रामीण सड़कें शामिल हैं। अकेले उत्तरकाशी में 44 सड़कें अवरुद्ध हैं। इसके अलावा पौड़ी में 22, टिहरी में 19, चमोली में 42, रुद्रप्रयाग में 28, देहरादून में 12, पिथौरागढ़ में 25, अल्मोड़ा में 21, बागेश्वर में 5, नैनीताल में 6 और उधम सिंह नगर में 5 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं।
