उत्तराखंड में मानसून पहुंच चुका है। उसका असर भी दिख रहा है। ऐसे में भारत मौसम विज्ञान विभाग कि ओर से भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गयी है। लोगों से इस दौरान सतर्क रहने को कहा गया है। उत्तराखंड में हालांकि कई दिनों से अनेक स्थानों पर बारिश हो रही है। बारिश के कारण सड़कें बंद हो रही हैं तो लैंडस्लाइड भी हो रहे हैं। लेकिन भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आज के लिए जो अलर्ट जारी किया है, उसके अनुसार सावधान रहने की जरूरत है। मौसम विज्ञान विभाग ने औरेंज वार्निंग जारी करते हुए कहा कि बहुत भारी वर्षा होगी। बारिश, बाढ़ और लैंडस्लाइड के लिहाज से उत्तराखंड के 11 पहाड़ी जिले काफी संवेदनशील हैं. इनमें गढ़वाल मंडल में उत्तरकाशी, टिहरी गढ़वाल, चमोली, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग और देहरादून जिले हैं। कुमाऊं मंडल में अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत और नैनीताल जिले हैं। मैदानी जिलों में हरिद्वार और उधम सिंह नगर बारिश के समय बाढ़ और भू कटाव से प्रभावित होते हैं। आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से भी लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है. खराब मौसम में नदियों के किनारे नहीं जाने को कहा गया है।
