उत्तराखंड राज्य के मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ी इलाकों तक बारिश का दौर जारी है। कुमाऊं मंडल के बागेश्वर जिले में तीव्र वर्षा हो रही है। आज रविवार को भी जिले में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग की ओर से प्रदेश में अगले 48 घंटे के लिए अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी दी गई जानकारी के मुताबिक, उत्तराखंड में अगले 48 घंटे में भारी बारिश की संभावना है। राज्य के पांच जिलों चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जनपद में अतिवृष्टि होने की संभावना हैं। इन जिलों के लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। इन जनपदों में ज्यादा बारिश से बाढ़ और भूस्खलन का खतरा पैदा हो सकता है।
