उत्तराखंड राज्य मे मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ी इलाकों तक रुक रुक कर बारिश का दौर जारी है। वहीं, इस बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के पर्वतीय जिलों में आज सोमवार को भारी से भारी बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से देहरादून समेत बागेश्वर, चम्पावत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ इलाकों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि, अन्य जिलों में कई दौर की तेज बारिश के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में प्रदेशभर में तेज दौर की बारिश होने की संभावना है। इसके चलते मैदानी इलाकों में जलभराव होने से भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा वैज्ञानिकों ने हिदायत देते हुए कहा, पर्वतीय जिलों में तेज बारिश के दौरान दिन के साथ रात के समय भी सतर्कता के साथ रहें।
