राज्य में आगामी 29 जून को उत्तराखंड पीसीएस प्री परीक्षा का आयोजन होने जा रहा है। यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित कराई जा रही है। सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक पहली पाली की परीक्षा होगी, जबकि दोपहर दो बजे से शाम चार बजे के बीच दूसरी पाली की परीक्षा कराई जाएगी। सभी अभ्यर्थियों के लिए वेबसाइट पर एडमिट कार्ड उपलब्ध हैं। वहीं उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने परीक्षा में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों को मानसून सीजन और कुछ शहरों में यातायात जाम के मद्देनजर अतिरिक्त सतर्क रहने की सलाह दी है। राज्य में बरसात की वजह से पर्वतीय जिलों में आवागमन प्रभावित हो सकता है। वहीं, चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन की वजह से हरिद्वार, रुड़की, ऋषिकेश में वीकेंड पर भारी यातायात जाम की आशंका रहती है। उन्होंने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अपरिहार्य परिस्थितियों से बचने के लिए अपने परीक्षा केंद्र पर समय से पूर्व पहुंच जाएं।
