उत्तराखंड राज्य के 10 स्नातक छात्रों को मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा शेवनिंग छात्रवृत्ति योजना के तहत इंग्लैंड में पढ़ाई करने का मौका मिलेगा। शेवनिंग छात्रवृत्ति के लिए पांच बालक और पांच बालिकाओं का चयन उनकी नेतृत्व क्षमता और शैक्षणिक उत्कृष्टता के आधार पर होगा। विदेश में एक साल की परास्नातक की पढ़ाई करने का खर्च करीब 40 लाख रुपये आता है। राज्य सरकार 20 लाख रुपये का योगदान करेगी जब शेवनिंग इंडिया शेष 20 लाख रुपये वहन करेगी। इससे छात्रों को अपने शैक्षणिक और व्यावसायिक लक्ष्यों को आगे बढ़ाने, आवश्यक कौशल और ज्ञान प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। शेवनिंग संगठन चार दशकों से 160 देशों में काम कर रहा है। संगठन की ओर से उच्च शिक्षा के लिए विद्यार्थियों को इंग्लैंड के किसी भी विश्वविद्यालय में प्रवेश की सुविधा दी जाती है। जिसको लेकर आगामी 14 अगस्त को सीएम पुष्कर सिंह धामी मुख्यमंत्री कार्यालय में फॉरेन कॉमनवेल्थ एंड डेवलपमेंट ऑफिस, ब्रिटिश हाई कमीशन से एमओयू पर हस्ताक्षर करेंगे।
