उत्तराखंड राज्य में 18 अगस्त को उत्तराखंड अधीनस्थ चयन आयोग की ओर से सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा आयोजित की गयी। जिसको लेकर एसटीएफ की टीम को सूचना मिली कि इस परीक्षा में आरोपी एक परीक्षार्थी की जगह अपने साथी को बैठाकर परीक्षा दिलाएगा। इसके लिए 16 लाख रुपये में सौदा हुआ था। इस सूचना पर एसटीएफ की टीम ने हरिद्वार में डेरा डाल लिया। रविवार को एसटीएफ ने हरिद्वार के मायापुर स्थित परीक्षा केंद्र एसवीएम इंटर कॉलेज के बाहर से गिरोह के मास्टरमाइंड उधम सिंह निवासी व उसके साथी अनुपम निवासी बिहार को परीक्षा से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी ने बताया कि आरोपी अनुपम किसी कुलदीप नाम के छात्र की जगह परीक्षा देने आया था। गिरोह का मास्टरमाइंड भर्ती परीक्षा में नकल के आरोप में पहले भी जेल जा चुका है।
