कारगिल विजय दिवस की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर आज शहीद स्मारक, छावनी क्षेत्र अल्मोड़ा में शौर्य दिवस समारोह पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10:15 बजे हुआ। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा, नगर निगम मेयर अजय वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, गैरीसन प्रभारी कमान अधिकारी मेजर राहुल तिवारी, एवं शौर्य चक्र विजेता कर्नल जयन्त थापा (सेनि) सहित कई पूर्व सैनिकों व वीर नारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। तत्पश्चात गैरीसन अल्मोड़ा की सैन्य टुकड़ी ने शहीदों के सम्मान में सलामी दी और दो मिनट का मौन रखकर वीरों को नमन किया गया। जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने कारगिल युद्ध में भारतीय जवानों के अदम्य साहस और बलिदान को याद करते हुए कहा कि “हम सभी को शहीदों के मूल्यों और त्याग से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।” इस अवसर पर वीर नारियों सरस्वती माया घले (पत्नी शहीद नायक हरी बहादूर घले, सेना मेडल), सावित्री देवड़ी (पत्नी ला. नायक स्व. हरीश देवड़ी), ममता चम्याल (पत्नी पीटीआर स्व. उमेद सिंह चम्याल), एवं कमला गोस्वामी (पत्नी नायक स्व. देवेंद्र गिरि) को जिलाधिकारी द्वारा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
