रामनगर। रामनगर वन प्रभाग की कोटा रेंज के अंतर्गत पाटकोट क्षेत्र के भलोन गांव में बाघ के हमले में एक श्रमिक की मौत हो गई। मृतक श्रमिक बिहार का निवासी था और जल जीवन मिशन के तहत पानी की पाइपलाइन बिछाने के कार्य के लिए रामनगर आया हुआ था।रामनगर क्षेत्र में बीते तीन दिनों के भीतर बाघ के हमले की यह दूसरी घटना है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। इससे पूर्व शुक्रवार को कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की ढेला रेंज के जंगल में लकड़ी बीनने गई एक वृद्धा को बाघ ने अपना शिकार बना लिया था।
ग्राम भलोन के प्रधान धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान अभिमन्यु कुमार (30 वर्ष), निवासी जोहरिया, जिला चंपारण (बिहार) के रूप में हुई है। वह रविवार शाम अजीत और दो अन्य श्रमिकों के साथ अमगड़ी में लगने वाले साप्ताहिक बाजार गया था।
लौटते समय जब वह अपने कमरे से महज 100 मीटर की दूरी पर था, तभी बाघ ने उस पर हमला कर दिया।घटना के बाद अन्य श्रमिकों ने शोर मचाया, जिस पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कोटा रेंज के वनकर्मियों को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे वनकर्मियों ने कई राउंड फायर कर बाघ को जंगल की ओर खदेड़ा।घटनास्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर युवक का शव बरामद किया गया। वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। रामनगर वन प्रभाग के डीएफओ ध्रुव सिंह मर्तोलिया ने बाघ के हमले में श्रमिक की मौत की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि बाघ को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जा रहा है।वहीं, रेंजर संजीव कुमार ने बताया कि मृतक के शव को रामनगर अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
