रामनगर से जुडी एक बड़ी खबर सामने आ रही है यहाँ पर प्रदेश का पहला फ्लो स्पैन खाद्य गोदाम बनकर तैयार हो गया है। जिसका उद्घाटन आज खाद्य मंत्री रेखा आर्य करेंगी। इस 500 मीट्रिक टन के बने फ्लो स्पैन खाद्य गोदाम से कई पर्वतीय जिलों में राशन का संचय किया जाएगा। मानसून में राज्य कि स्थिति को देखते हुए इस गोदाम का निर्माण किया गया है। राज्य में भारी बारिशो के चलते भूस्खलन, भूकंप और बाढ़ की स्थिति रहती है। ऐसे में इन परिस्थितियों में आपदा प्रभावित क्षेत्रों में अनाज कि पूर्ति करने और अन्य राहत बचाव कार्यों के लिए इस गोदाम को स्थापित किया गया है। साथ ही इसमें किये गए अनाज के भंडारण को हेलीकॉप्टर के ज़रिये आपदा प्रभावित इलाकों में आसानी से पहुंचाया जा सकेगा। आपको बता दे कि खाद्य कार्यक्रम के तहत इस गोदाम को केवल सात दिन में तैयार किया गया है। गोदाम स्टील चादर से निर्मित कॉपर कोटेड है। अनाज खराब न हो इसके लिए इसके छत में वेंटीलेशन दिए गए हैं। इस गोदाम का उपयोग तीन जिलों के अनाज भंडारण के लिए किया जाएगा। पौड़ी गढ़वाल, अल्मोड़ा, नैनीताल जिले में राशन भेजा जाएगा। गोदाम की लागत 40 से 50 लाख रुपये आई है। अन्य गोदामों की तुलना में यह आधे से भी कम है। वरिष्ठ विपणन अधिकारी मनोज मनराल ने बताया कि रामनगर में प्रदेश का पहला फ्लो स्पैन अनाज गोदाम बनकर तैयार हो गया है।