उत्तराखंड में जारी भारी बारिश और आपदा की स्थिति के चलते प्रदेश सरकार ने आगामी 8 अगस्त को देहरादून में होने वाले राज्य स्तरीय तीलू रौतेली एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार वितरण समारोह को स्थगित कर दिया है। इस संबंध में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश की वीर नारियों को सम्मानित करने के लिए प्रतिवर्ष यह पुरस्कार दिए जाते हैं, लेकिन वर्तमान में प्राकृतिक आपदा और खराब मौसम की वजह से हालात सामान्य नहीं हैं, जिस कारण कार्यक्रम का आयोजन संभव नहीं हो पा रहा है। मंत्री ने कहा कि विजेता महिलाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित करना सरकार की प्राथमिकता है, लेकिन इस समय राज्य के कई हिस्सों में आपदा राहत कार्य चल रहे हैं और लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि है। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि मौसम में सुधार होते ही समारोह की नई तिथि जल्द घोषित की जाएगी।
