एचएनबी स्टेडियम स्थित इंडोर बैडमिंटन हॉल में मंगलवार को 24वीं उत्तराखंड स्टेट जूनियर और सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप के क्वालिफायर मुकाबले आयोजित किए गए। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 350 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिन्होंने अपने बेहतरीन खेल प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया। जिला बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में आयोजित क्वालिफायर मैचों में पुरुष एकल वर्ग में नैनीताल के मानस पंत ने देहरादून के देवेश चौहान को 15-9, 15-14 से हराया। वहीं, देहरादून के देवांश शर्मा ने टिहरी के हार्दिक शर्मा, रचित ने ऊधमसिंह नगर के अनुराग, और हरिद्वार के शुभम ने देहरादून के मोहित राणा को मात देकर अगले राउंड में प्रवेश किया। अंडर-19 वर्ग में भी मुकाबले रोमांचक रहे। हरिद्वार के शुभम ने देहरादून के यश को 15-7, 15-6, टिहरी के शिवांश उनियाल ने देहरादून के निबिल पासवान को 15-10, 11-15, 15-8, और ऊधमसिंह नगर के गौरव रौतेला ने अल्मोड़ा के अभिनव टम्टा को 15-5, 13-15, 15-13 से हराकर अगले चरण में जगह बनाई। राज्य बैडमिंटन संघ के सचिव बीएस मनकोटी ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ बुधवार को खेल मंत्री रेखा आर्या करेंगी।
