नैनीताल जिले के हल्द्वानी स्टेट हाईवे पर गड़प्पू जंगल के पास शुक्रवार देर रात एक कार अचानक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। जिसके चलते कार में सवार बाजपुर के गांव रंपुरा शाकर के पूर्व प्रधान सज्जन खां के बेटे सुहैल अहमद की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सुहैल अहमद कार से घर लौट रहा था। तभी गड़प्पू जंगल में उसकी कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में सुहैल अहमद गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर 108 एंबुलेंस से सुहैल अहमद को बाजपुर के सरकारी अस्पताल में लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खबर मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
