उत्तराखंड। उत्तरकाशी में बादल फटने की घटना के बाद राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। लापता लोगों की तलाश में प्रशासन और सुरक्षाबल जुटे हुए हैं, लेकिन क्षतिग्रस्त सड़कों और टूटे पुलों के चलते अभियान में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तरकाशी के प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने धराली और हर्षिल जैसे आपदाग्रस्त क्षेत्रों का दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान एक हेलिकॉप्टर के जरिए राहत सामग्री और खाद्य पैकेट भी पहुंचाए गए। मुख्यमंत्री धामी ने जानकारी दी कि लगभग 160 पुलिसकर्मी, 10 डीएसपी और 3 एसपी राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं। भारतीय सेना के हेलिकॉप्टर भी तैयार हैं और जैसे ही मौसम में सुधार होगा, उनका उपयोग प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों को निकालने और राहत पहुंचाने में किया जाएगा।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आपदा की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी से फोन पर बात कर स्थिति का पूरा जायजा लिया और केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। वहीं, प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल करने का कार्य जारी है। चिकित्सा दल को भी तैनात किया गया है ताकि घायलों को तुरंत उपचार मिल सके।
