उत्तराखंड राज्य में इन दिनों मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ी इलाकों तक गर्मी जम कर अपने तल्ख तेवर दिखा रही है। राज्य के पहाड़ी इलाकों तक के अधिकतम तापमान में सामान्य से पांच-छह डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। वहीं राजधानी देहरादून में एक बार फिर रिकॉर्ड तोड़ गर्मी दर्ज की गई। दून का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 40.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले साल 2020 में इस दिन का यहां का तापमान 40.1 डिग्री रहा था। तापमान में बढ़ोतरी होने से हीट वेव ने दिन के साथ रात को भी खूब परेशान किया। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के साथ राहगीरों को मुश्किल झेलनी पड़ी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है, तापमान में हो रही बढ़ोतरी की वजह से मैदान में हीट वेव चल रही है। आने वाले दिनों की बात करें तो मई के आखिरी दिनों में हीट वेव से राहत मिलने के आसार हैं।
