उत्तराखंड राज्य की राजधानी देहरादून में आज गुरुवार को तीन दिवसीय दौरे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पहुंच रही हैं। वे शुक्रवार को राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति निकेतन में अपना जन्मदिन भी मनाएंगी। वे इस दौरान राष्ट्रपति निकेतन में 132 एकड़ भूमि में बन रहे अत्याधुनिक सार्वजनिक पार्क की आधारशिला रखेंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु राष्ट्रपति निकेतन में पार्क का शिलान्यास करने के साथ यहां आम लोगों के प्रवेश का विधिवत शुभारंभ भी करेंगी। इसके बाद राष्ट्रपति निकेतन को 24 जून से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। 21 को राष्ट्रपति मुर्मु पुलिस लाइन में योग दिवस के कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगी। यहां सुबह साढ़े सात से साढ़े आठ बजे तक योग महोत्सव का हिस्सा बनने के बाद वह दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियों को चाक-चौबंद किया है।
