उत्तराखंड राज्य में चारधाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों और स्थानीय लोगों को आपदा से बचाव के लिए खास आश्रय स्थल (शेल्टर) बनाने की तैयारी है। राज्य में मानसून सीजन के आते ही भूस्खलन, बाढ़, भूकंप, बादल फटने की घटना, हिमस्खलन और भू-धंसाव होते रहते हैं। इन घटनाओं से प्रभावित लोगों के लिए ये आश्रय स्थल बनाए जाएंगे। इनमें खान-पान, रहन-सहन और इलाज की सभी सुविधाएं होंगी। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग यह शेल्टर विश्व बैंक पोषित यू प्रिपेयर योजना के माध्यम से तैयार कराएगा। अगर यह योजना कारगर साबित होती है तो राज्य के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी लागू होगा। इसके लिए चारधाम में पायलट प्रोजेक्ट के तहत 10 खास शेल्टर बनाए जाएंगे।
