उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के नतीजे आज घोषित किए जा रहे हैं। प्रदेश में दो चरणों में संपन्न हुए इन चुनावों में कुल 69.16 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। आज प्रदेश के 89 विकासखंडों में मतगणना का कार्य जारी है।चुनाव आयोग की ओर से जानकारी दी गई है कि जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ेगी, सभी परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे मतदाता और प्रत्याशी समय-समय पर अपडेट प्राप्त कर सकें। इस बीच चमोली जिले के जोशीमठ विकासखंड से पहला चुनावी रुझान सामने आया है। उर्गम क्षेत्र के भर्की गांव से प्रधान पद पर चंद्र मोहन पंवार ने जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। प्रदेशभर से परिणाम आने का क्रम देर शाम तक जारी रहेगा। आयोग और प्रशासन मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मुस्तैद है।
