उत्तराखंड सरकार ने किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के लिए सोमवार से प्रदेशभर में धान और मंडुवे की खरीद प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। इसके लिए कुल 625 क्रय केंद्रों की स्थापना की गई है। प्रमुख सचिव एल. फैनई ने सभी जिलाधिकारियों और खाद्य आयुक्त को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों के अनुसार, धान खरीद हेतु गढ़वाल मंडल में 67 और कुमाऊं मंडल में 283 केंद्र बनाए गए हैं। वहीं मंडुवे की खरीद के लिए गढ़वाल में 120 और कुमाऊं में 275 केंद्र संचालित होंगे। सरकार ने धान की कॉमन श्रेणी का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2369 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए का 2389 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। मंडुवा किसानों के लिए समर्थन मूल्य 4886 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया गया है। यह खरीद प्रक्रिया 31 दिसंबर तक चलेगी। प्रमुख सचिव ने स्पष्ट किया है कि लक्ष्य के अनुरूप खरीद करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और संस्थाओं को पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
