उत्तराखंड के चमोली जिले के गौचर क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया। पनाई के पास लोडिया गधेरे में पांच बच्चे नहाने के दौरान पानी में बह गए। स्थानीय लोगों और रेस्क्यू टीम की मदद से तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, सभी बच्चे ट्यूशन पढ़ने घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में गधेरा देखकर नहाने उतर गए। इसी दौरान एक बच्चा पानी में डूबने लगा, जिसे बचाने के लिए बाकी चार भी गधेरे में कूद पड़े। जिसके चलते उनमें से दो बच्चे तेज बहाव और भंवर में फंस गए और उन्हें बचाया नहीं जा सका। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों बच्चों के शव गधेरे से बाहर निकाले। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान गौरव गोसाई (निवासी डूंगरी गांव, नारायणबगड़) और दिव्यांशु बिष्ट (निवासी श्रीकोर्ट, गौचर) के रूप में हुई है। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
