देहरादून एयरपोर्ट को आगामी विंटर सीजन में देश के प्रमुख शहरों से नई हवाई कनेक्टिविटी मिलने जा रही है। इस बार एयर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो जैसी विमानन कंपनियां देहरादून से पहली बार जेवर (नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट) और नवी मुंबई के लिए सीधी उड़ानें शुरू करने की तैयारी में हैं। विंटर शेड्यूल अक्टूबर के अंत में लागू होता है, जिसके लिए एयरलाइंस ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को प्रस्ताव भेजे हैं। इंडिगो ने जेवर एयरपोर्ट के लिए 180 सीटर विमान से उड़ान संचालित करने की योजना बनाई है। वहीं एयर इंडिया एक्सप्रेस देहरादून से बंगलूरू, अहमदाबाद और नवी मुंबई के लिए तीन नई उड़ानें शुरू करेगी। इनमें से बंगलूरू और अहमदाबाद के लिए पहले से अन्य एयरलाइंस की उड़ानें उपलब्ध हैं, लेकिन जेवर और नवी मुंबई के लिए ये पहली बार होगा जब देहरादून से सीधा हवाई संपर्क स्थापित किया जाएगा। फिलहाल उड़ानों को संचालन की अनुमति डीजीसीए से मिलनी बाकी है। मंजूरी मिलते ही टिकटों की बिक्री और स्टाफ की तैनाती की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
