उत्तराखंड राज्य में ऋषिकेश के मायाकुंड में बरसाती नदी चंद्रभागा और गंगा किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण पर नगर निगम द्वारा बुल्डोजर चला दिया गया। जिसके चलते यहां बनी करीब 100 से अधिक झुग्गी-झोपड़ियों को ध्वस्त कर दिया गया। निगम की जेसीबी चलते ही लोगों में जरूरी सामान सुरक्षित बचाने के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति नजर आई। इस दौरान कार्यवाही का झोपड़ी वासियों ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी के चलते उनकी एक नहीं चली।नगर आयुक्त शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मानसून सीजन प्रारंभ होने जा रहा है, जिसमें नदी में अतिक्रमण कर झोपड़ी में बसे इन लोगों के जानमाल का खतरा था, जिसके चलते अतिक्रमण को हटाया गया है। एक दिन पहले भी न्यू त्रिवेणी कॉलोनी और आसपास चंद्रभागा नदी से 45 झोपड़ियों को हटाया गया है। बताया कि अतिक्रमण की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती है। शहर के आंतरिक मार्गों की भी घेरबाड़ करने वालों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।
