उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार आगामी विधानसभा सत्र के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जैसा पहले से प्रस्तावित था, मानसून सत्र ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा में ही आयोजित होगा। 19 अगस्त से शुरू होने वाले इस सत्र के लिए अब तक 32 विधायकों से 547 प्रश्न विधानसभा को प्राप्त हो चुके हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने बीते दिन विभिन्न विभागों के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में सत्र को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि विधानसभा परिसर में प्रवेश के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रखी जाए। सत्र का संचालन नेवा (नेशनल इलेक्ट्रोल वेब एप्लीकेशन) के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए आईटीडीए को विशेष निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, संचार कंपनियों की ओर से विधानसभा में हाई-स्पीड नेटवर्क उपलब्ध कराया जाएगा और पूरे परिसर में वाई-फाई की सुविधा दी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को सख्त बनाते हुए तय किया गया है कि बिना प्रवेश-पत्र के विधानसभा कर्मचारियों के वाहन परिसर में नहीं जाएंगे। आगंतुकों की संख्या भी सीमित रखी जाएगी। मंत्रियों की सिफारिश पर दो और विधायकों की सिफारिश पर दो व्यक्तियों को ही प्रवेशपत्र मिलेगा। इसके अलावा, सत्र के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं, बिजली और पानी की आपूर्ति सुचारु रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।
