उत्तराखंड राज्य की राजधानी देहरादून में स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खेल मंत्री रेखा आर्या द्वारा भारत के एकमात्र अंतरराष्ट्रीय स्तर के आइस स्केटिंग रिंक का लोकार्पण किया गया। करीब एक दशक से बंद रहे आइस रिंक को लगभग छह करोड़ रुपये की लागत से फिर तैयार किया गया है। इस दौरान स्पोर्ट्स कॉलेज में ही 599 लाख की लागत से बने घुड़सवारी मैदान (इक्वेस्ट्रियन) का लोकार्पण भी हुआ। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि दोनों उपलब्धियां न सिर्फ उत्तराखंड के लिए बल्कि भारत के लिए गौरव साबित होंगी। उन्होंने रिंक को भारत का ही नहीं, दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा स्केटिंग रिंक बताया।
