देहरादून के आईएसबीटी फ्लाईओवर के पास सोमवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवती की जान चली गई। सहारनपुर की रहने वाली लाइ बानो स्कूटी से आईएसबीटी की ओर जा रही थी, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। गुस्साए लोगों ने बस चालक को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी और सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को भीड़ से छुड़ाकर आईएसबीटी चौकी पहुंचाया। पुलिस ने बस को जब्त कर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। बस सहारनपुर नंबर की टूरिस्ट बस बताई जा रही है, जिसकी जानकारी पुलिस जुटा रही है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि यह हादसा सोमवार शाम करीब चार बजे हुआ। लाइ बानो, जो सहारनपुर के मानकाऊ की रहने वाली थी और बीएफआईटी कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी, माजरा की ओर से स्कूटी पर आईएसबीटी जा रही थी। उसने आगे चल रही बस को ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह बस के पिछले पहिये की चपेट में आ गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बस को रोका और चालक को पकड़ लिया। पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो युवती बस के पिछले पहिये के नीचे दबी मिली। बस हटाकर उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हादसे की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके। मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
