उत्तराखंड राज्य में बीते दिनों हुई बारिश प्रदेश वासियों पर कहर बन कर बरसी, मॉनसून की एंट्री होने के बाद अभी भी लगातार बारिश का दौर जारी है। बारिश की वजह से हो रहे भूस्खलन की वजह से बदरीनाथ नेशनल हाईवे जोशीमठ के प्रवेश में लगभग 25 मीटर से अधिक लंबी पहाड़ी टूटने से बंद हो गया वहीं, सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। साथ ही बड़े-बड़े बोल्डर के कारण मार्ग पूरी तरह से अवरूद्ध हो गया है। जिसके चलते चारधाम यात्रा समेत पर्वतीय रूटों पर गए यात्रियों की मुसीबतें बढ़ गईं हैं। सड़क बंद होने से लगभग दो हजार तीर्थ यात्री जोशीमठ नगर में ही रोके गए है। पहाड़ी का इतना बड़ी हिस्सा टूटकर नीचे आया है कि सड़क बुधवार दोपहर बाद खुलने की संभावना है। मंगलवार की सुबह नगर पालिका कूडेदान के निकट पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा टूटने से पूरे दिन बदरीनाथ और हेमकुंड आने जानो वाले तीर्थयात्री और स्थानीय लोग परेशान रहे।
