उत्तराखंड राज्य में आज दिनांक 05 जुलाई शुक्रवार की सुबह से ही कुमाऊं क्षेत्र में लगातर बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेशभर में अगले चार दिन और तेज बारिश होने की संभावना है। वहीं, कुमाऊं क्षेत्र के जिलों में भारी से भारी बारिश होने के आसार हैं।
-नैनीताल जिले के हल्द्वानी और उसके आसपास के इलाके में शुक्रवार सुबह से ही मूसलाधार बारिश हो रही है। बारिश के कारण जहां आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है, वहीं लगातार हुई बारिश से दोपहर तक शहर की नहर ओवरफ्लो होनी शुरू हो गई। वहीं, जगह-जगह सड़कों पर जलभराव हो गया है। जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
-अल्मोड़ा जिले में भी आज सुबह से जिले के विभिन्न हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। अल्मोड़ा में 7.8, रानीखेत में तीन, द्वाराहाट में 44, सोमेश्वर में 20, भिकियासैंण में 4.5, ताकुला में 44 एमएम बारिश हुई। बारिश के बाद जिले में चार ग्रामीण सड़कें बंद हैं, इससे आठ हजार से अधिक की आबादी को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
-पिथौरागढ़ जिले में भी मूसलाधार बारिश जारी है। मूसलाधार बारिश के कारण मालबा आने से जिले की 20 सड़कें बंद हैं। धारचूला तवाघाट गुंजी सड़क बंद होने से स्थानीय लोगों के साथ ही कुछ पर्यटक भी फंसे हुए हैं। सड़कें बंद होने से लोगों को पैदल आवागमन करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर पहाड़ी से पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है। लगातार हो रही बारिश के कारण धारचूला में काली नदी का जल स्तर चेतावनी लेवल से ऊपर जा चुका है। गाड़ गधेरे भी उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे न जाने की अपील की है।
-चंपावत के एनएच पर स्वांला पर फिर से मलबा आने से यातायात बाधित हो गया है। मलबा आने से करीब 250 यात्री भारी बारिश में फंस गए हैं। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर टनकपुर के ककराली गेट पर चंपावत की तरफ जाने वाले वाहनों को रूक दिया है। टनकपुर एसडीएम आकाश जोशी के नेतृत्व में प्रशासन की टीम खाने के पैकेट और पानी की बोतल समेत अन्य जरूरी सामान के साथ मौके पर रवाना हो गए हैं।
