79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की आज़ादी और मां भारती की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले महानायकों को नमन किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के धराली सहित अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास की पूरी व्यवस्था की जाएगी। सीएम धामी ने कहा कि अमर बलिदानियों के सपनों को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश वैश्विक मंच पर नई ऊँचाइयों को छू रहा है। उत्तराखंड में नवनिर्माण और पुनर्निर्माण के कार्य तेज़ी से जारी हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार आगामी 25 वर्षों की विकास योजनाओं पर कृतसंकल्प होकर कार्य कर रही है और जन सहयोग से उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है।
