देहरादून। सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी सभागार में आयोजित राज्य स्त्री शक्ति, तीलू रौतेली और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 13 महिलाओं को तीलू रौतेली पुरस्कार और 33 आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों को उनके सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने वीरांगना तीलू रौतेली को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि मात्र 15 वर्ष की आयु में उन्होंने अपने साहस और रणकौशल से विरोधियों को परास्त कर दिया था। उन्होंने कहा कि तीलू रौतेली को उत्तराखंड की झांसी की रानी कहना उचित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी “नारी तू नारायणी” मंत्र के साथ महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, उज्ज्वला योजना, लखपति दीदी योजना और ट्रिपल तलाक जैसी कुप्रथाओं को समाप्त करने जैसे कदमों ने महिलाओं की स्थिति को सुदृढ़ किया है। राज्य सरकार भी महिलाओं के हित में निरंतर कदम उठा रही है। सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत आरक्षण, समान नागरिक संहिता का लागू होना, मुख्यमंत्री लघु उद्योग प्रोत्साहन योजना और उद्यमिता विकास कार्यक्रम जैसी योजनाएं इसी दिशा में प्रयास हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख तक का ब्याजमुक्त ऋण दिया जा रहा है। साथ ही, वर्ष 2023 से तीलू रौतेली और आंगनवाड़ी पुरस्कार की धनराशि को 51-51 हजार रुपए कर दिया गया है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में भी सरकार ने बढ़ोतरी की है। अब आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को 9300, मिनी आंगनवाड़ी को 6250 और सहायिकाओं को 5250 रुपए प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। साथ ही उन्हें सुपरवाइज़र पद पर पदोन्नति का भी अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समारोह पहले आठ अगस्त को होना था लेकिन आपदा की परिस्थितियों के चलते स्थगित करना पड़ा। उन्होंने कहा कि सरकार आपदा प्रभावितों तक हर संभव मदद पहुंचा रही है और केंद्र सरकार से भी पूरा सहयोग मिल रहा है। इस वर्ष तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए अल्मोड़ा की मीता उपाध्याय, बागेश्वर की अलिशा मनराल, चमोली की सुरभि, चम्पावत की अनामिका बिष्ट, देहरादून की शिवानी गुप्ता, हरिद्वार की रूमा देवी, नैनीताल की नैना, पौड़ी गढ़वाल की रोशमा देवी, पिथौरागढ़ की रेखा भट्ट, रुद्रप्रयाग की हेमा नेगी करासी, टिहरी गढ़वाल की साक्षी चौहान, ऊधमसिंह नगर की रेखा और उत्तरकाशी की विजयलक्ष्मी जोशी को चयनित किया गया है।
