मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विधानसभा के मानसून सत्र के लिए आज ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैण पहुंचे। हेलीपैड पर जिलाधिकारी संदीप तिवारी और पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर पुलिस द्वारा मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। गैरसैंण में विधानसभा सत्र 22 अगस्त तक चलेगा। इधर, मौसम विभाग ने 22 अगस्त तक प्रदेश में लगातार बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे सत्र के दौरान दिक्कतें बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। विशेषकर सड़क मार्ग से गैरसैंण पहुंचना सरकारी अमले के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है। विधानसभा सचिवालय ने सत्र की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। सचिवालय से अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम रविवार और सोमवार से गैरसैंण के लिए रवाना होगी। वहीं, सचिवालय के कुछ अधिकारी पहले ही भराड़ीसैण पहुंच चुके हैं।
